केकड़ी, 09 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के लिए मतदान सम्पन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिक गई हैं। मतदान प्रतिशत में पिछले चुनाव के मुकाबले आई कमी ने भाजपा और कांग्रेस के साथ ही प्रत्याशियों के जीत-हार के गणित को भी उलझा दिया है। दोनों प्रमुख दल जहां नगर पालिका में अपना बोर्ड बनने का दावा कर रहे हैं, वहीं कुछ वार्डों में आरएलपी भी मुकाबले को प्रभावित करती नजर आ रही है। पांच वर्ष पूर्व हुए नगर पालिका चुनाव में 80.41 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार मतदान प्रतिशत घटकर 78.04 प्रतिशत रह गया। यानी पिछले चुनाव की तुलना में इस बार करीब 2.37 प्रतिशत कम मतदान हुआ है। मतदान प्रतिशत में आए इस बदलाव का असर किन प्रत्याशियों के पक्ष में जाता है और किनके समीकरण बिगाड़ता है, इसका खुलासा अब मतगणना के बाद ही होगा।

वार्डवार मतदान का आकलन करने में जुटी पार्टियां: मतदान के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने स्तर पर वार्डवार मतदान का आकलन करने में जुट गई हैं। पार्टी नेताओं और प्रत्याशियों ने मतदान केन्द्रों से मिले फीडबैक तथा बूथवार आंकड़ों के आधार पर जीत-हार का गणित बैठाना शुरू कर दिया है। हालांकि अंतिम समय में दोनों प्रमुख दलों की ओर से वोटरों में की गई सेंधमारी का वास्तविक असर ईवीएम खुलने के बाद ही सामने आएगा। नगर पालिका के 40 वार्डों में कुल 99 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। मतदान समाप्ति के साथ ही सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो चुका है। अब प्रत्याशियों के साथ-साथ उनके समर्थक भी अपने-अपने वार्डों में मतदान के रुझान और बूथवार आंकड़ों के आधार पर संभावित परिणाम का अनुमान लगाने में जुटे हैं।

कई नेताओं का राजनीतिक भविष्य दांव पर: इस चुनाव के परिणाम केवल 40 पार्षदों के भविष्य का फैसला नहीं करेंगे, बल्कि केकड़ी की स्थानीय राजनीति में कई नेताओं की राजनीतिक पकड़ और भविष्य की दिशा भी तय करेंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए यह चुनाव स्थानीय स्तर पर संगठन की ताकत और जनाधार की परीक्षा माना जा रहा है। वहीं आरएलपी के प्रदर्शन पर भी राजनीतिक गलियारों में विशेष नजर है। फिलहाल ईवीएम में बंद जनादेश को लेकर प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। किसके दावे सही साबित होंगे, किसका चुनावी गणित बैठेगा और किसकी उम्मीदों पर पानी फिरेगा—इन सभी सवालों का जवाब 14 सितंबर को मतगणना के साथ सामने आएगा।

