Homeक्राइम न्यूजजानलेवा हमले के विरोध में फूटा आक्रोश: सर्व समाज ने रैली निकाल...

जानलेवा हमले के विरोध में फूटा आक्रोश: सर्व समाज ने रैली निकाल की दोषियों को सख्त सजा देने की मांग

केकड़ी, 29 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर में शनिवार रात को जैन समाज के दंपति पर हुए जानलेवा हमले के बाद रविवार को सर्व हिन्दू समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में सर्व समाज के लोगों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया तथा पुलिस अधिकारियों से मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। क्या है मामला: भट्टा बस्ती निवासी दीपक मित्तल पुत्र माणकचंद जैन ने शहर थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनिवार रात्रि करीब 9:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर पत्नी के साथ बाइक पर घर जा रहा था। देवगांव गेट के समीप सांसी मोहल्ले में एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कट मारा। जब दीपक ने कार चला रहे युवकों को उलाहना दिया, तो कार सवार तीन-चार युवक नीचे उतरे और गाली-गलौज शुरू कर दी।

केस दर्ज, जांच शुरू: आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक ने जान से मारने की नीयत से चाबी के छल्ले में लगे धारदार चाकू से दीपक के सिर व शरीर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट व अभद्रता की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जाता है कि हमलावर युवक समुदाय विशेष के है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी का मेडिकल मुआयना भी करवाया गया है।

समाज ने जताया आक्रोश: इस हमले की खबर फैलते ही जैन समाज में गहरा रोष व्याप्त हो गया। सर्व समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील एवं शहर थानाधिकारी अनिल शर्मा से मुलाकात कर घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि शांतिप्रिय समाज के व्यक्ति पर इस तरह का जानलेवा हमला निंदनीय और चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं समाज में असुरक्षा का वातावरण पैदा करती हैं। इस मौके पर भंवरलाल बज, जितेंद्र सिंघवी, अनिल मित्तल, कुशल चंद चौरड़िया, रितेश जैन सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक व युवा उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES