केकड़ी, 29 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘लोकल व स्पेशल एक्ट अभियान‘ के तहत सावर थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त बेचने वाले मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार केकड़ी सदर थाना पुलिस ने गत 26 मार्च को जीवराज गुर्जर (36) निवासी काचरिया (भिनाय) को गिरफ्तार कर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 2.900 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच सावर थानाधिकारी के जिम्मे की थी। जांच के दौरान जीवराज से गहन पूछताछ की गई। जिसमें पुलिस को मुख्य सप्लायर के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई: सावर थानाधिकारी राधेश्याम जाट ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान व त्वरित कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त बेचने वाले मुख्य अभियुक्त मुरली कुमार गुर्जर (23) पुत्र नाथू लाल गुर्जर निवासी बडी थाना सिंगोली (नीमच, म.प्र.) को डिटेन किया। अनुसंधान में मुरली द्वारा जीवराज को डोडा पोस्त बेचना स्वीकार करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तस्करी के इस नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में सावर थानाधिकारी राधेश्याम, कांस्टेबल शिवप्रकाश व कांस्टेबल रमेश चंद की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब दोनों अभियुक्तों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।
संबंधित समाचार पढ़िए…

