Homeशासन प्रशासनमुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान: पंचायत समिति की सभी ग्राम पंचायतों में मास्टर...

मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान: पंचायत समिति की सभी ग्राम पंचायतों में मास्टर प्लान पर मंथन, विकास का खाका तैयार

केकड़ी, 13 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान सरकार द्वारा विकसित राजस्थान @ 2047के विजन को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से सोमवार को पंचायत समिति केकड़ी की समस्त 22 ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियानके तहत ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन (RITI) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के सतत विकास के लिए अल्पकालीन 2030, मध्यकालीन 2035 एवं दीर्घकालीन 2047 तक की योजना तैयार की गई। इसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत का मास्टर प्लान बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर की गठित कमेटियों ने विभिन्न क्षेत्रों के बेसिक डेटा पर विस्तार से चर्चा की। डेटा को मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियानऐप पर सबमिट करने से पूर्व ग्राम सभा में सर्वसम्मति से इनका अनुमोदन करवाया गया।

प्रशासनिक मुस्तैदी व जनभागीदारी: विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने बताया कि पंचायत समिति स्तर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा को सफल बनाने  के लिए विशेष प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए थे। इन सभाओं में ग्राम पंचायत स्तरीय कमेटी के अध्यक्ष (प्रशासक), नोडल अधिकारी (ग्राम विकास अधिकारी) सहित पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका कार्यकर्ता, राशन डीलर व पशुधन सहायक जैसे ग्राम स्तरीय कार्मिकों व जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस मास्टर प्लान के माध्यम से अब ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विकास की रूपरेखा योजनाबद्ध तरीके से तैयार की जाएगी, जिससे भविष्य में ग्रामीण बुनियादी ढांचे व सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES