केकड़ी, 14 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को घटना के मात्र 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार परिवादी महावीर प्रसाद जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 अप्रैल को दोपहर के समय जब वह अपनी दुकान का गेट बंद कर चाय पीने घर के अंदर गया, तभी पीछे से किसी अज्ञात चोर ने गल्ले में रखे लगभग 28-30 हजार रुपए पार कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत अनुसंधान प्रारंभ किया।

सीसीटीवी व मुखबिर की सहायता से मिली सफलता: वारदात के खुलासे के लिए थानाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली व संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी। तकनीकी संसाधनों व मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राजाराम गुर्जर (20) पुत्र शंभूलाल गुर्जर निवासी पानी के टंकी के पास, दंड का रास्ता को दस्तयाब किया। सघन पूछताछ के बाद आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामदगी व टीम: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 16,765 रुपए नकद बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की इस प्रभावी कार्यवाही में थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, एएसआई बाबू लाल, कांस्टेबल नीरज सिंह व पुखराज की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
संबंधित समाचार पढ़िए…

