केकड़ी, 16 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध बजरी से भरे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गुरुवार को इलाका गश्त व चेकिंग के दौरान पुलिस जाब्ते ने अवैध बजरी से भरे तीन बिना नम्बरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रुकवाया।

पेश नहीं किए दस्तावेज: पुलिस द्वारा जांच करने पर चालक बजरी परिवहन से संबंधित कोई भी वैध ई-रवन्ना या रॉयल्टी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर थाने पर सुरक्षित खड़ा करवाया है। पुलिस द्वारा इस कार्रवाई की सूचना खान एवं भू-विज्ञान विभाग सावर के खनिज अभियंता को दे दी गई है। अवैध खनन के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल कुमार, एएसआई किशन लाल, कांस्टेबल नीरज सिंह, पुखराज व दिनेश शामिल रहे। पुलिस की इस सख्ती से अवैध बजरी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


