Homeक्राइम न्यूजदाल मिल हादसे में श्रमिक की मौत; सुरक्षा में चूक व सूचना...

दाल मिल हादसे में श्रमिक की मौत; सुरक्षा में चूक व सूचना में देरी पर भड़के परिजन, अस्पताल के बाहर किया प्रदर्शन

केकड़ी, 26 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जयपुर रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार को एक दाल मिल में बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक श्रमिक की जान चली गई। हादसे के बाद परिजनों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया व मार्ग जाम करने का प्रयास किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीशपुरा निवासी प्रकाश आचार्य (50) पुत्र बाबूलाल आचार्य इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित एक दाल मिल में काम करता है। रविवार दोपहर काम के दौरान हुए हादसे में प्रकाश की मौत हो गई।

केकड़ी: अस्पताल के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते परिजन।

नारेबाजी कर जताया विरोध: सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। इसी दौरान सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि मिल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। साथ ही घटना दोपहर में होने के बावजूद उन्हें इसकी सूचना शाम तक नहीं दी गई। आक्रोशित परिजनों ने नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया तथा अजमेर-कोटा राजमार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। इस दौरान अस्पताल परिसर में भारी गहमागहमी रही।

केकड़ी: परिजन से समझाइश करते पुलिस अधिकारी।

पुलिस अधिकारियों ने की समझाइश: स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, शहर थानाधिकारी अनिल शर्मा, सदर थानाधिकारी जगदीश चौधरी मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे व समझाइश कर परिजनों को शांत करवाया। मृतक के पुत्र ने मिल संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करने के लिए रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इंडस्ट्रियल एरिया व अस्पताल परिसर में पुलिस जाब्ता तैनात किया है।

RELATED ARTICLES