Homeक्राइम न्यूजड्राई फ्रूट्स का ऑनलाइन ऑर्डर पड़ा भारी: जालसाजों ने कैश ऑन डिलीवरी...

ड्राई फ्रूट्स का ऑनलाइन ऑर्डर पड़ा भारी: जालसाजों ने कैश ऑन डिलीवरी का झांसा देकर युवक से की ठगी, लिंक भेजकर बैंक खाते से उड़ाए 72 हजार रुपए

केकड़ी, 26 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आज के दौर में डिजिटल ट्रांजेक्शन जहां हमारी सुविधा बढ़ा रहे हैं, वहीं साइबर अपराधियों की सक्रियता ने आमजन के लिए खतरा पैदा कर दिया है। ताजा मामला एक युवक के साथ हुई बड़ी ठगी का है, जिसमें ड्राई फ्रूट्स ऑर्डर करने के बहाने बदमाशों ने खाते से 72 हजार रुपए उड़ा लिए। पीड़ित ने अब पुलिस व साइबर सेल की शरण ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी केकड़ी माणक चौक निवासी रमेश सोनी ने दो दिन पूर्व ऑनलाइन माध्यम से 1200 रुपए का भुगतान कर ड्राई फ्रूट्स का ऑर्डर दिया था। इसके अगले दिन उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को विक्रेता बताते हुए कहा कि तकनीकी खराबी के कारण ऑनलाइन पेमेंट स्वीकार नहीं हो पा रहा है, इसलिए सामान मिलने पर नकद भुगतान (Cash on Delivery) कर दें।

बातों में फंसाकर करवाया ट्रांजेक्शन: जालसाज ने विश्वास में लेने के लिए रमेश को एक लिंक भेजा व कुछ निर्देशों का पालन करने को कहा। जब रमेश ने ‘PhonePe’ पर ‘Pay’ का विकल्प देखा, तो उन्होंने संदेह जताया कि इससे उनके पैसे कट सकते हैं। लेकिन कॉलर ने अपनी लच्छेदार बातों व तकनीकी तर्कों से उन्हें उलझाए रखा। कॉलर ने बारी-बारी से तीन लिंक भेजे। बदमाशों के झांसे में आकर जैसे ही रमेश ने प्रक्रिया पूरी की, उनके खाते से तीन किस्तों में क्रमशः 12 हजार, 24 हजार व 36 हजार रुपए कट गए। देखते ही देखते ठगों ने कुल 72 हजार रुपए पार कर दिए।

खाता हुआ पूरी तरह खाली: जब रमेश ने अपना बैंक बैलेंस चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। उसका बैंक खाता पूरी तरह खाली हो चुका था। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। इसके साथ ही ठगी की राशि वापस दिलाने व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस थाने में भी रिपोर्ट दी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES