केकड़ी, 28 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को सामने से अपनी चपेट में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवपुरा फारकिया निवासी छोटू लाल गुर्जर (32) पुत्र भंवरलाल गुर्जर अपने साथी रामदेव पुत्र मिट्ठूलाल कुम्हार के साथ बाइक पर सावर से लौट रहा था। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच गुलगांव व नयागांव के मध्य सामने से आ रहे एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटू लाल के सिर व पैरों में गंभीर चोटें आई।

परिजन को सौंपा शव: राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को केकड़ी स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद छोटू लाल को मृत घोषित कर दिया। घायल रामदेव का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल बंशीलाल मीणा मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे व घटना की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है व मृतक के भाई शंकर लाल गुर्जर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक छोटू लाल पेशे से ड्राइवर था। हादसे की खबर मिलते ही गांव व परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


