Homeराजनीतिनगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन, 40 वार्डों में...

नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन, 40 वार्डों में जीत का संकल्प; डॉ. रघु शर्मा बोले- विकास के विजन के साथ मैदान में उतरी कांग्रेस

केकड़ी, 01 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही कांग्रेस ने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आदिनाथ वाटिका में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर सभी 40 वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए रणनीति पर मंथन किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों, वार्ड प्रभारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रियता के साथ चुनाव मैदान में उतरने तथा पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता नगर अध्यक्ष एडवोकेट हेमंत जैन ने की।

सभी उम्मीदवार जमीन से जुड़े कार्यकर्ता: सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास के विजन को लेकर नगर पालिका चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी उम्मीदवारों का चयन प्रभारियों द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर किया गया है। ये उम्मीदवार जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं और केकड़ी के विकास के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि केकड़ी को जिला बनाने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर केकड़ी को वापस जिला बनाया जाएगा। उन्होंने इसे लेकर संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार बनने पर केकड़ी को फिर जिला नहीं बनाया गया तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

केकड़ी: कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में जीत का संकल्प व्यक्त करते उपस्थित कांग्रेसजन।

40 प्रत्याशियों के साथ संकल्प: पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए केकड़ी के विकास के लिए कांग्रेस के सभी 40 प्रत्याशियों के साथ संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने केकड़ी को हवाला कारोबारियों के हवाले कर दिया है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से चुनाव में पूरी सक्रियता, मेहनत और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। साथ ही बिना किसी डर या दबाव के मजबूती से चुनाव लड़ने की बात कही। सम्मेलन में कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों के साथ वार्ड प्रभारी, वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी एवं अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये रहे मौजूद: इस दौरान केकड़ी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष हेमंत जैन, सरवाड़ ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, एडवोकेट मोहम्मद सईद नकवी, एडवोकेट नवल किशोर पारीक, एडवोकेट निर्मल जैन, रतन पंवार, संगठन महामंत्री रमेश पारीक, एडवोकेट आसिफ हुसैन सहित सभी कांग्रेस उम्मीदवार, सभी प्रभारी, वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES