केकड़ी, 01 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्री लाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में शुक्रवार को आध्यात्मिक उल्लास व भक्ति का संगम देखने को मिला। अवसर था ‘शत् गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ‘ के सम्राट, अनन्त श्री विभूषित महामण्डलेश्वर स्वामी श्री प्रखर जी महाराज के भव्य स्वागत समारोह का। दुबे परिवार व महाविद्यालय परिवार की ओर से स्वामी जी का भावभीना अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे, मधु दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे, प्रतिभा दुबे, अनिरुद्ध दुबे, आकांक्षा दुबे, चंद्रेश शर्मा व अंकिता दुबे सहित समस्त दुबे परिवार ने किया। स्वामी जी को 11 किलो की विशाल पुष्प माला पहनाई गई व 101 किलो फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। समारोह में मुरली बारेठ ने स्वामी जी के जीवन परिचय व उनके 43 दिवसीय महायज्ञ पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं गीतकार कैलाश मंडेला ने ‘गुरु वंदना‘ कविता प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

सनातन संस्कृति व संस्कारों को अपनाना अनिवार्य: सभागार में उपस्थित छात्राध्यापिकाओं, नर्सिंग विद्यार्थियों व समाजबंधुओं को आशीर्वाद देते हुए स्वामी प्रखर जी महाराज ने सफलता के मूल मंत्र साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के वास्तविक महत्व को समझना चाहिए। आज के परिवेश में सनातन संस्कृति व संस्कारों को अपनाना अनिवार्य है। हमें अपनी मूल वेशभूषा, ध्यान, योग व भक्ति को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। समारोह में सुरेंद्र जोशी, शिवरतन मूंदड़ा, मुकेश शर्मा, हरिप्रसाद शर्मा, नंदकिशोर तिवाड़ी, राम गोपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में दुबे परिवार द्वारा 51 ब्राह्मण जोड़ों का तिलक लगाकर व दक्षिणा भेंट कर सम्मान किया गया। इसके पश्चात सभी आगंतुकों व विप्रजनों के लिए स्नेह भोज का आयोजन हुआ। महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

