केकड़ी, 05 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मानव सेवा धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खाती मोहल्ला में छात्र-छात्राओं के उपयोग के लिए 10 बेंच भेंट की गई। ट्रस्ट की इस पहल से विद्यालय के छोटे बच्चों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी। प्रधानाध्यापिका मीनाक्षी माहेश्वरी ने बताया कि कक्षा 1 से 5 तक के कुल 80 बच्चों की पढ़ाई के लिए फर्नीचर की कमी महसूस की जा रही थी। विद्यालय की इस मांग पर मानव सेवा धर्मार्थ ट्रस्ट ने तुरंत संज्ञान लिया व विद्यालय में आयोजित एक साधारण कार्यक्रम के दौरान यह 10 बेंच छात्रहित में सुपुर्द की। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ शीतल मीणा, रेखा शर्मा, बबीता शर्मा, नयनतारा पाराशर, चंद्रा सेन, शुभकरण मीणा, कन्हैया लाल बैरवा सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। शारीरिक शिक्षक कैलाश गौड़ ने मानव सेवा धर्मार्थ ट्रस्ट का आभार जताया।


