केकड़ी, 10 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहरवासियों की श्रद्धा व आस्था के प्रमुख केंद्र पुरानी केकड़ी स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर में आगामी 12 मई से श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार यह आध्यात्मिक महोत्सव 18 मई तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक कथा का प्रवाह होगा। इस महोत्सव में चारभुजा नाथ व्यास पीठ के प्रतिनिधि व प्रसिद्ध कवि पंडित बुद्धि प्रकाश दाधीच मुख्य कथा वाचक के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण के चरित्र, भक्ति, धर्म व सनातन संस्कृति के विभिन्न प्रेरणादायी प्रसंगों का वाचन कर भक्तों को धर्म लाभान्वित करेंगे।

भव्य कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ: कथा के विधिवत शुभारंभ से पूर्व 12 मई को सुबह 10 बजे एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा बिचली हताई स्थित छीपा मोहल्ला के मातेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होगी। कथा व्यास पंडित मुरलीधर दाधीच के निर्देशन में निकलने वाली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री चारभुजा नाथ मंदिर पहुंचेगी। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं व आमजन से इस पावन कथा महोत्सव में सपरिवार सम्मिलित होने व धर्म लाभ लेने की अपील की है। महोत्सव का समापन 18 मई को पूर्णाहुति के साथ होगा।


