केकड़ी, 12 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री चारभुजानाथ मंदिर में मंगलवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का श्रद्धा, भक्ति व धार्मिक उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया। आयोजन के प्रथम दिन पुरानी केकड़ी स्थित मातेश्वरी मंदिर में मां जगदंबा व श्रीमद्भागवत ग्रंथ की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य कथा के पुण्यार्जकों व धर्मप्रेमियों ने मंगलकामनाएं की। इस अवसर पर मां जगदंबा का मनोहारी श्रृंगार किया गया। पूजन के पश्चात बैंड-बाजों व जयकारों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महेश शर्मा व उनकी पत्नी प्रभा पंचोली ने श्रीमद्भागवत ग्रंथ को सिर पर धारण कर यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा मातेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होकर तेजाजी चौक, गोपालजी मंदिर, बोहरा मंदिर व लोढ़ा चौक होते हुए बड़ गणेश मंदिर की परिक्रमा कर श्री चारभुजानाथ मंदिर पहुंची। मार्ग में महिलाओं ने मंगलगीत गाए।

भक्ति रस में सराबोर नजर आए श्रद्धालु: शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। शोभायात्रा के चारभुजा मंदिर पहुंचने पर ओसरा पुजारी पंडित रामेश्वर पाराशर द्वारा महाआरती करवाई गई। यह आयोजन पंडित मुरलीधर दाधीच के निर्देशन व मार्गदर्शन में किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठान पंडित मुरलीधर शास्त्री के सानिध्य में पंडित कृष्ण गोपाल गौतम व गणपत शर्मा सहित अन्य विद्वानों द्वारा सम्पन्न करवाए गए। व्यास पीठ प्रतिनिधि व कथा वाचक पंडित कवि बुद्धिप्रकाश दाधीच ने श्रीमद्भागवत की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। इस मौके पर श्री चारभुजानाथ मंदिर में भगवान के विग्रह को विशेष सजावट व आकर्षक श्रृंगार से अलंकृत किया गया। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक कथा का वाचन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं व सनातन संस्कृति के प्रेरक प्रसंग सुनाए जाएंगे।

धर्मप्रेमियों ने निभाई सहभागिता: इस महोत्सव में धर्मीचंद न्याति, आनन्दीराम सोमाणी, महावीर मूंदड़ा, कृष्ण गोपाल सोनी, जेपी सोनी, एसीबीईओ विष्णु शर्मा, हीराचंद खूंटेटा, मुकेश नुहाल, ओमप्रकाश शर्मा, शिव प्रकाश गर्ग, अमित गर्ग, राजेन्द्र बियानी, दिनेश रांटा, राकेश तोषनीवाल, गोपाल सोमाणी, अभिषेक बसेर, शैलेन्द्र मेड़तवाल, रामनिवास छीपा, अनिल मंत्री, हरिराम सोमाणी, अवनीश न्याति, जितेंद्र उपाध्याय, हरीश गोपलान, नवल दाधीच, रामेश्वर पाराशर, भगवान बसेर, लक्ष्मण खूंटेटा, मुंशी हरिप्रसाद शर्मा, गोपाल व्यास, गणेश लाल दाधीच, दीपक दाधीच, प्रदीप दाधीच, पंकज होतचंदानी व राजेंद्र विजय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित रहे।


