केकड़ी, 12 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जनगणना कार्य 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण व स्व-गणना (Self-Enumeration)के कार्य में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। आवंटित ब्लॉक का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर प्रगणक जावेद खान का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उत्साहवर्धन व अभिनंदन किया गया। चार्ज जनगणना अधिकारी व तहसीलदार बंटी राजपूत तथा नायब तहसीलदार केंद्र प्रसाद शर्मा ने प्रगणक जावेद खान द्वारा समय सीमा में पूर्ण किए गए कार्य की सराहना की। तहसीलदार बंटी राजपूत ने बताया कि वर्तमान में स्व-गणना का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने जावेद खान द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य को अन्य प्रगणकों के लिए उदाहरण बताते हुए कहा कि सभी प्रगणक आम नागरिकों को प्रेरित कर इस कार्य को शीघ्र पूर्ण कराएं।

आमजन से सहयोग की अपील: इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने आम जनता से स्वयं ‘स्व-गणना‘ (Self-Enumeration)करने की अपील की है। उन्होंने निवेदन किया है कि जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में नियुक्त प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें व उन्हें बिल्कुल सही जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सटीक जानकारी से ही भविष्य की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो सकेगा। इस दौरान तहसील कार्यालय के अन्य कर्मचारी व संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

