केकड़ी, 14 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड द्वारा पुष्कर घाटी में आयोजित जिला स्तरीय राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर में राजकीय महाविद्यालय केकड़ी के रोवर स्काउट्स ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। 8 मई से 12 मई 2026 तक चले इस पांच दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों को स्काउटिंग के विभिन्न कौशलों से रूबरू कराया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के निर्देशन व रोवर लीडर शहजाद अली के नेतृत्व में दल ने शिविर में भाग लिया। इस दल में दिलखुश धोबी, सूरज माली, मोहम्मद दानिश , अली, राम सहाय गुर्जर, दशरथ सिंह, जयवर्धन पंवार व कुलदीप कसौटीया शामिल रहे।

शिविर की प्रमुख गतिविधियां: प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अनुशासन, सेवा भावना व टीम वर्क का पाठ पढ़ाया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना व उन्हें समाज सेवा के प्रति जागरूक करना था। रोवर स्काउट्स ने शिविर की विभिन्न चुनौतीपूर्ण गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि व सक्रिय भागीदारी पर महाविद्यालय प्रशासन ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।


