केकड़ी, 13 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां पुराने डाक बंगले के पास बुधवार अपरान्ह पश्चात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे व पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी केकड़ी स्थित सीताराम गली निवासी विजय करण वैष्णव जो स्थानीय स्तर पर सोडा वाटर का ठेला लगाता है, अचानक पुराने डाक बंगले स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी की ऊंचाई पर देख आसपास के लोगों के हाथ-पांव फूल गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

प्रताड़ना से था आहत: टंकी पर चढ़े युवक विजय करण ने नीचे मौजूद पुलिस और प्रशासन के समक्ष अपना दर्द बयां किया। उसने आरोप लगाया कि कुछ युवक उसे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। युवक का कहना था कि उसे बार-बार ‘देशद्रोही‘ कहकर पुकारा जाता है और उस पर फब्तियां कसी जाती हैं। इस निरंतर छेड़छाड़ और सामाजिक प्रताड़ना के कारण वह गहरे मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) में चला गया और न्याय न मिलता देख आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुआ।

पुलिस ने दिखाई सूझबूझ: मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना पुलिस के एसआई बनवारीलाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पुलिस उप अधीक्षक (DSP) हर्षित शर्मा भी घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए युवक से संवाद स्थापित किया और उसे समझाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसे नीचे उतरने की गुहार लगाने लगे।

उचित कार्रवाई के आश्वासन पर उतरा नीचे: पुलिस अधिकारियों ने जब युवक को आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया, तब जाकर युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतरा। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के तुरंत बाद पुलिस उसे शहर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


