Homeक्राइम न्यूजखेत में मिला लापता बुजुर्ग का शव, गौसेवा व बालाजी महाराज की...

खेत में मिला लापता बुजुर्ग का शव, गौसेवा व बालाजी महाराज की भक्ति में समर्पित रहा था जीवन

केकड़ी, 15 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना क्षेत्र के रामपाली गांव में एक दिन पहले बिना बताए घर से निकले एक बुजुर्ग का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। परिजनों द्वारा मृत्यु के कारणों में किसी तरह का संदेह व्यक्त नहीं करने पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपाली निवासी सुवालाल शर्मा (80) पुत्र मोहनलाल शर्मा गुरुवार सुबह परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकल गए थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह तलाश के दौरान परिजनों को सुवालाल शर्मा का शव सरसड़ी से रामपाली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक खेत में मिला। अत्यधिक गर्मी के कारण शव झुलस गया था।

बीमारी व गर्मी को माना जा रहा कारण: सूचना मिलने पर सदर थाना के एएसआई विश्राम मीणा जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा आदि की आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की। परिजनों ने बताया कि सुवालाल शर्मा पिछले कुछ समय से शुगर, ब्लड प्रेशर व अन्य बीमारियों से ग्रसित थे। परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार का शक-शुबहा जाहिर नहीं करने पर पुलिस ने उचित वैधानिक प्रक्रिया के बाद शव उन्हें सुपुर्द कर दिया। गौसेवा के लिए समर्पित सुवालाल शर्मा बालाजी महाराज के अनन्य भक्त थे। ज्ञातव्य है कि उन्होंने लंबे समय तक केकड़ी गौशाला में बतौर मैनेजर अपनी सेवाएं दी है। उनके सेवाभावी स्वभाव के कारण गांव व आसपास के क्षेत्र में उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था। उनके निधन से समाज व गौसेवकों में शोक की लहर है।

RELATED ARTICLES