केकड़ी, 16 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भगवान सूर्य व देवी छाया के पुत्र शनिदेव की जन्म जयंती शनिवार को श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। शनिवार के दिन शनि अमावस्या का संयोग होने से ज्योतिषीय दृष्टि से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना गया। इस विशेष अवसर पर सुबह से ही शहर के विभिन्न शनि मंदिरों में तेल, तिल व पुष्प अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में पूरे दिन महिला मंडलों द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

केक काटकर लगाया भोग: अजमेर रोड स्थित शनि मंदिर पर भगवान शनिदेव की जयंती के अवसर पर विशेष आयोजन हुआ, जहां मावे का केक काटकर भगवान शनिदेव का जन्मदिन मनाया गया। केक का भोग लगाने के बाद उसे श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न गौतम के निजी सचिव अश्विनी शर्मा, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष गोपीचंद चौधरी व सुनील गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। शाम को भगवान के विशेष भोग लगाकर महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की।

अन्य मंदिरों में भी हुए आयोजन: बस स्टैंड स्थित शनि देव मंदिर पर सुबह से ही भक्तों की भारी रेलमपेल रही, जिससे पूरा परिसर शनिदेव के जयकारों से गूंज उठा। शाम को महाआरती के बाद भगवान को पंचमेवा से निर्मित सवा क्विंटल खीर का भोग लगाया गया। प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। इसी प्रकार बघेरा रोड स्थित शनि मंदिर पर भी सुबह से दोपहर तक लगातार भक्तों का आना जारी रहा। श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर परिसर में निरंतर भजन-कीर्तन किए गए। शाम को भगवान शनिदेव का आकर्षक श्रृंगार कर महाआरती की गई व भोग लगाकर प्रसाद बांटा गया।


