केकड़ी, 17 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी द्वारा बच्चों, किशोरियों व महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आगामी 21 मई से 29 मई तक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में कला व अभिरुचि शिविर (समर कैंप) का आयोजन किया जाएगा। महिला संयोजिका अंजू विजय व अंजू शास्त्री ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों व युवाओं को मोबाइल और टीवी से दूर कर उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य व हस्तकला से जुड़ी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इन विधाओं का मिलेगा प्रशिक्षण: शिविर में ड्रॉइंग सीनियर, ड्रॉइंग जूनियर, इंग्लिश स्पीकिंग, कर्सिव राइटिंग, डांस सीनियर, डांस जूनियर, ब्यूटीशियन, मेहंदी, नेल आर्ट, ढोलक, सिलाई व आर्ट एंड क्राफ्ट जैसी आकर्षक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षण के लिए मात्र 100 रुपए पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। शिविर के लिए पंजीयन 20 मई को सायं 3 से 5 बजे तक शिविर स्थल पर ही किया जाएगा।

तैयारियों में जुटी परिषद की टीम: शाखा के मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव ने बताया कि अभिरुचि प्रकल्प प्रभारी के रूप में रेखा मंत्री, सरोज साहू, राधा विजय, सुमन जैन व सरिता विजय जिम्मेदारी निभाएंगी। वर्तमान में शाखा अध्यक्ष बहादुरसिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन, कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया, महिला संयोजिका अंजू विजयवर्गीय व प्रकल्प प्रभारी रेखा मंत्री सहित परिषद के सभी सदस्य शिविर की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए है।

