Homeचिकित्साअवैध ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में केमिस्टों ने खोला मोर्चा, एडीएम...

अवैध ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में केमिस्टों ने खोला मोर्चा, एडीएम को सौंपा ज्ञापन; 20 मई को केकड़ी उपखंड की दवा दुकानें रहेंगी पूर्णतः बंद

केकड़ी, 18 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स व राजस्थान राज्य केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर सोमवार को केकड़ी उपखंड केमिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले दवा व्यवसायियों ने केंद्रीय नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। उपखंड क्षेत्र के बघेरा, जूनिया, सावर व अन्य ग्रामीण इलाकों से आए दवा व्यवसायी अजमेरी गेट पर एकत्रित हुए, जहां से पैदल मार्च करते हुए वे अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। केमिस्टों ने एडीएम चंद्रशेखर भंडारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

नकली दवाओं का कारोबार बढ़ने का आरोप: ज्ञापन में बताया कि पूरे देश में चल रहे अवैध ऑनलाइन दवा बाजार के माध्यम से बिना डॉक्टर की पर्ची (प्रिस्क्रिप्शन) के घर-घर दवाओं का वितरण किया जा रहा है, जिससे नशे का कारोबार पैर पसार रहा है। इसके अलावा ऑनलाइन मिलने वाली अधिकतर दवाएं जांच के सैंपल में नकली पाई जा रही हैं, जिसके कारण आम उपभोक्ताओं में स्थानीय दवा व्यापारियों के प्रति शंका पैदा हो रही है। अत्यधिक छूट (डिस्काउंट) जैसी गतिविधियों के कारण लाखों लाइसेंसधारी छोटे केमिस्टों के अस्तित्व पर सीधा संकट खड़ा हो गया है। केमिस्ट एसोसिएशन की मांग है कि छोटे व्यापारियों के हितों के संरक्षण के लिए दवा व्यापार को ऑनलाइन पोर्टल से पूरी तरह बंद किया जाए।

केकड़ी: रैली निकालकर प्रदर्शन करते दवा विक्रेता।

20 मई को रहेगा सामूहिक व्यापार बंद: केकड़ी उपखंड केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रहलाद कुमार टांक ने बताया कि इस देशव्यापी आंदोलन के समर्थन में आगामी 20 मई को केकड़ी उपखंड की समस्त दवा दुकानें सामूहिक रूप से बंद रहेंगी। एसोसिएशन के सचिव सागर भगत ने कोरोना महामारी का स्मरण कराते हुए कहा कि उस संकटकाल में स्थानीय केमिस्टों ने ही अपनी जान जोखिम में डालकर आमजन तक निर्बाध दवा सप्लाई सुनिश्चित की थी। उन्होंने मांग की कि सरकार द्वारा नए नोटिफिकेशन के तहत ऑनलाइन दवा विक्रेताओं को जारी किए गए लाइसेंसों को तुरंत निरस्त किया जाए।

ये रहे मौजूद: इस दौरान कोषाध्यक्ष पंकज जैन, केकड़ी शहर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, भंवर जेतवाल, प्रहलाद टांक, सतीश रांटा, गणेश जैन, सुरेंद्र जैन व अतुल दाधीच उपस्थित रहे। ग्रामीण क्षेत्रों से बघेरा से हंसराज, जूनिया से उत्तम जैन, गौरव नामदेव, सावर से पारसचंद जैन, मेहरू से शिव कुमार जैन, कादेड़ा से सुखलाल गुर्जर, सुरेश धाकड़ व हार्दिक जैन सहित बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES