केकड़ी, 18 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी के ब्लड बैंक में लगातार चल रही रक्त की कमी को देखते हुए सावर में एक लघु रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। राजकीय चिकित्सालय सावर में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के रक्तवीरों ने भीषण गर्मी की परवाह न करते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया व कुल 31 यूनिट अमूल्य रक्तदान किया। यह शिविर रक्त मित्र मंडल सावर, रक्तदान जीवनदान ग्रुप सदारा, शशि कुमारी एवं भुवनेश्वरी कुमारी स्मारक समिति सावर व भारत विकास परिषद शाखा सावर के संयुक्त सानिध्य में आयोजित हुआ।

उत्साहित नजर आए रक्तदाता: शिविर में रक्तदाताओं का गजब का उत्साह देखने को मिला। असलम हुसैन ने अपने जीवनकाल का 41वां रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। वहीं शिविर के अंतिम रक्तदाता के रूप में शशि कुमारी एवं भुवनेश्वरी कुमारी स्मारक समिति सावर के सचिव राजेश जांगिड़ ने अपने जीवन का 55वां रक्तदान देकर अनूठी मिसाल पेश की। रक्तदान जीवनदान ग्रुप सदारा के सचिव आसिफ मोहम्मद बागवान ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए रक्तदाताओं के लिए फल-फ्रूट व पौष्टिक आहार की व्यवस्था भारत विकास परिषद शाखा सावर की ओर से की गई।

इन्होंने किया सहयोग: शिविर को सफल बनाने में रक्त मित्र मंडल सावर के अश्विनी पाराशर, गौरव प्रजापत, भारत विकास परिषद के अनिल झाकल, प्रहलाद सिंह व श्रीनिवास माली ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर में रक्त संग्रहण के लिए जिला चिकित्सालय केकड़ी के ब्लड बैंक से डॉ. लोकेश धाकड़, पदम जैन, सरफराज अली व लियाकत अली सहित समस्त मेडिकल टीम ने उपस्थित रहकर अपनी तकनीकी सेवाएं प्रदान कीं व रक्तदाताओं का आभार जताया।


