केकड़ी, 18 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुरानी केकड़ी स्थित प्राचीन चारभुजा नाथ मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का समापन विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्णाहुति कार्यक्रम के साथ हुआ। कथा के अंतिम दिन मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भक्ति, आस्था और उत्साह से सराबोर नजर आया। प्रातःकालीन सत्संग में कथा वाचक पंडित बुद्धि प्रकाश दाधीच ने भगवान श्रीकृष्ण व सुदामा की मित्रता के प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सुदामा वास्तव में निर्धन नहीं थे, बल्कि उनके पास सखा भाव की भक्ति का ऐसा अमूल्य धन था, जो संसार के समस्त वैभव से श्रेष्ठ है। श्रीकृष्ण व सुदामा की मित्रता निष्काम प्रेम, आत्मीयता व समर्पण का अनूठा उदाहरण है, जहां बाहरी संपत्ति नहीं बल्कि हृदय की पवित्रता का महत्व होता है। सुदामा के द्वारका पहुंचने व भगवान द्वारा उनका आदर-सत्कार करने के मार्मिक वर्णन को सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

भागवत कथा मानव जीवन को सद्मार्ग दिखाने वाली दिव्य प्रेरणा: कथा के दौरान पुण्यार्जक महेश शर्मा द्वारा सुदामा चरित्र की जीवंत प्रस्तुति दी गई। वहीं रुक्मणी विवाह प्रसंग की आकर्षक प्रस्तुति पुण्यार्जक अभिषेक बसेर व प्रीति बसेर ने दी। पूर्णाहुति के अवसर पर कथा वाचक ने श्रीमद् भागवत के अंतिम प्रसंगों का भक्तिमय वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश, धर्म की स्थापना, भक्ति की महिमा व सत्संग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को सद्मार्ग पर चलाने वाली दिव्य प्रेरणा है। समापन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन व पूर्णाहुति की गई। श्रद्धालुओं ने महाआरती कर सुख-समृद्धि व लोककल्याण की कामना की।

विभिन्न सेवादारों व पुण्यार्जकों का हुआ सम्मान: इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में धर्मीचंद न्याती, आनंद सोमाणी, महावीर मूंदड़ा, चतुर्भुज सोनी, कृष्ण गोपाल सोनी, जेपी सोनी, महेश शर्मा, हीराचंद खूंटेटा, मुकेश नुहाल, ओमप्रकाश शर्मा, अमित गर्ग, अभिषेक बसेर, रामनिवास छीपा, अनिल मंत्री, हरीश गोपलान, रामेश्वर पाराशर, भगवान बसेर व लक्ष्मण खूंटेटा सहित विभिन्न सेवा कार्यों से जुड़े श्रद्धालुओं व पुण्यार्जकों का दुपट्टा व साफा पहनाकर सम्मान किया गया। इस दौरान कवि कमल माहेश्वरी की उपस्थिति भी विशेष रही। कार्यक्रम के दौरान व्यास पीठ द्वारा बढ़ते कदम गौशाला महिला मंडल की अध्यक्ष डॉ. सीमा चौधरी, सचिव सीमा सोमानी, कोषाध्यक्ष पूजा गर्ग, उपाध्यक्ष सीमा व्यास सहित मीना सोनी, सुनीता सोनी, अनीता गुप्ता, उर्मिला न्याती, आशा विजयवर्गीय, कैलाश सोनी, रक्षा विजय व रानी सोनी का भी स्वागत व सम्मान किया गया।


