केकड़ी, 18 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर स्कूल-कॉलेजों के बाहर घूमने वाले मनचलों व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटेल स्टेडियम के पास नकली पिस्टल लहराकर रील बनाने व आमजन में दहशत फैलाने के आरोप में 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में रविवार शाम को हेड कांस्टेबल रमेश कुमार मय टीम गश्त करते हुए पटेल स्टेडियम के पास पहुंचे। वहां कुछ युवक सामूहिक रूप से एकत्रित होकर शोर-शराबा कर रहे थे व हाथ में नकली पिस्टल लहराकर रील बना रहे थे, जिससे वहां मौजूद आमजन में दहशत का माहौल बन रहा था।

शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार: युवकों द्वारा मौके पर सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास करने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजमेर रोड पटेल नगर निवासी राहुल खटीक (20) पुत्र कमलेश खटीक, जयपुर रोड निवासी गणेश सैन (20) पुत्र रामकिशन सैन एवं काजीपुरा निवासी विष्णु खटीक (19) पुत्र मंगल खटीक व विशाल खटीक (19) पुत्र चांदमल खटीक को धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल शर्मा, हेड कांस्टेबल रमेश कुमार, कांस्टेबल दीनदयाल व शंकर ने अहम भूमिका निभाई है। पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का हुड़दंग व दहशत फैलाने की गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


