Homeसामाजिकसेवा व समर्पण के ध्येय के साथ परिषद की नई टीम ने...

सेवा व समर्पण के ध्येय के साथ परिषद की नई टीम ने संभाला कार्यभार, सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाने का लिया संकल्प

केकड़ी, 20 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद शाखा के वर्ष 2026-27 के नवीन दायित्वधारियों व प्रकल्प प्रभारियों का दायित्व ग्रहण समारोह मंगलवार को गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में परिषद के प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारियों, स्थानीय सदस्यों व मातृशक्ति महिला मंडल की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर थाना अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, प्रांतीय संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेश चंद्र गाबा, अजमेर जिला समन्वयक अमित चौकड़ीवाल, प्रांतीय रक्तदान प्रभारी व शाखा प्रभारी देवराज सूरतानियां तथा शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत द्वारा भारत माता व स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वन्देमातरमका गान हुआ।

केकड़ी: शपथ ग्रहण समारोह में मंचासीन अतिथि।

नवीन कार्यकारिणी ने ली निष्ठा की शपथ: समारोह में प्रांतीय संयुक्त महासचिव डॉ. गाबा ने नवीन कार्यकारिणी के अध्यक्ष पद पर बहादुर सिंह शक्तावत, सचिव पद पर रामनिवास जैन व कोषाध्यक्ष पद पर हीरालाल सामरिया को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिला समन्वयक अमित चौकड़ीवाल ने संपर्क प्रकल्प संयोजक रामधन प्रजापत, सेवा प्रकल्प संयोजक नंदलाल गर्ग, संस्कार प्रकल्प संयोजक आभा बैली व महिला सहभागिता संयोजक अंजू विजय को शपथ ग्रहण करवाई। इसी प्रकार शेष सभी प्रकल्प प्रभारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को शाखा प्रभारी देवराज सुरतानिया ने सेवा, समर्पण व संगठन की गरिमा बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

समाजहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान: मुख्य अतिथि शहर थाना अधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों में संगठन की भूमिका अनुकरणीय है व पुलिस प्रशासन सदैव ऐसे सकारात्मक कार्यों में सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। प्रांतीय संयुक्त महासचिव सुरेश चंद्र गाबा ने सदस्यों से संगठन की मूल भावना के अनुरूप समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। प्रांतीय रक्तदान प्रभारी देवराज सुरतानिया ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित शिविरों के आयोजन की आवश्यकता जताई। अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत ने नवीन सत्र में संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

केकड़ी: शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित प्रबुद्धजन।

लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली पर दिया जोर: सचिव रामनिवास जैन ने गत वर्ष का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली पर जोर दिया। महिला संयोजिका अंजू विजय ने महिला संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का विश्वास दिलाया। इस अवसर पर परिषद के विकास रत्न गोपाल लाल वर्मा, राजस्थान मध्य प्रांत के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य कैलाश चन्द जैन व प्रांतीय मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव सहित वरिष्ठ सदस्य व बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन रामधन प्रजापत ने किया। अंत में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सर्वेश विजय ने सभी अतिथियों व सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का विधिपूर्वक समापन हुआ।

RELATED ARTICLES