केकड़ी, 22 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): उपखंड क्षेत्र के कणौंज गांव में रात्रि जागरण के बाद आयोजित सामूहिक भोज में दूषित भोजन करने से कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने व अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई अविलंब राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचे व स्थिति का जायजा लिया। उपखंड अधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर वहां भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मरीजों से बातचीत व कुशलक्षेम जानने के दौरान पाया गया कि त्वरित चिकित्सा मिलने से वर्तमान में सभी मरीजों की हालत स्थिर व ठीक है।

चिकित्सकों को दिए बेहतर चिकित्सा सुविधा के निर्देश: उपखंड अधिकारी बलाई ने मौके पर उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों व डॉक्टरों की टीम को निर्देशित किया कि फूड पॉइजनिंग से प्रभावित सभी मरीजों को चौबीस घंटे बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए व दवाओं की कोई कमी न रहे। उन्होंने स्थिति पर लगातार निगरानी रखने की बात कही। इस दौरान राजकीय जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. राजेन्द्र प्रसाद मौर्य, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) डॉ. संजय शर्मा सहित चिकित्सालय के अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक व स्टाफ मुस्तैद रहा। अधिकारियों ने उपखंड अधिकारी को मरीजों को दिए जा रहे उपचार व अब तक की जा रही व्यवस्थाओं से अवगत कराया।


