केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुजरात के वड़ोदरा में नकली नोट चलाने वाले गिरोह के भंडाफोड़ के बाद गुजरात पुलिस ने शुक्रवार को केकड़ी में दबिश देकर एक युवक को हिरासत में लिया है। गुजरात पुलिस युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ गुजरात ले गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वड़ोदरा में नकली नोट प्रकरण में कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह कनेक्शन सामने आया था। इसके बाद गुजरात पुलिस स्थानीय पुलिस के सहयोग से शुक्रवार सुबह जयपुर रोड स्थित एक मकान पर पहुंची, जहां से अशोक जाट नामक युवक को हिरासत में लिया गया।

गुजरात में होगी पूछताछ: गुजरात पुलिस ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को बताया कि नकली नोट गिरोह के तार जुड़े होने की जानकारी सामने आई है व हिरासत में लिया गया युवक मामले में संदिग्ध माना जा रहा है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस टीम युवक को अपने साथ गुजरात ले गई। केकड़ी पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने बताया कि गुजरात में नकली नोट चलाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसमें कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी मामले में गुजरात पुलिस ने युवक के संदिग्ध होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।


