Homeसमाजभगवान बाबा रामदेव के नवनिर्मित भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का...

भगवान बाबा रामदेव के नवनिर्मित भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, पुष्प वर्षा से महकी कलश यात्रा

केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्राम पिपलाज में रेगर समाज द्वारा नवनिर्मित भगवान बाबा रामदेव के मंदिर की पूर्णाहुति, मूर्ति स्थापना व मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा सहित तीन दिवसीय धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ शनिवार को धूमधाम से हुआ। पहले दिन भव्य कलश यात्रा व यज्ञ इत्यादि धार्मिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह बाबा रामदेव मंदिर परिसर से महोत्सव का श्रीगणेश हुआ। आकर्षक व सुसज्जित घोड़ी-बग्गी में भगवान बाबा रामदेव की नवीन प्रतिमा को विराजित किया गया। डीजे व बैंड-बाजे की मधुर धार्मिक धुनों के साथ कलश व शोभायात्रा का जुलूस प्रारंभ हुआ।

केकड़ी: प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत निकले जुलूस का पुष्पवर्षा से स्वागत करते ग्रामीण।

ग्रामीणों ने किया जुलूस का स्वागत: इस भव्य जुलूस में सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए चल रही थीं, वहीं पुरुष हाथों में बाबा रामदेव के चित्र युक्त धर्म पताकाएं (ध्वज) लेकर जयकारे लगाते हुए झूम रहे थे। शोभायात्रा मंदिर परिसर से रवाना होकर प्रजापत मोहल्ला, बालाजी मंदिर, सदर बाजार, गढ़ चौक, बस स्टैंड व पारीक मोहल्ला होते हुए गुर्जरों का बास व तेजाजी चौक से पुनः बाबा रामदेव मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में ग्रामीणों ने जेसीबी से पुष्प वर्षा कर जुलूस का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह अन्य समाज के लोगों ने भी फूल बरसाए व श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की।

सवा तीन फीट की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र: घोड़ी-बग्गी में सुसज्जित भगवान बाबा रामदेव की घोड़े पर सवार सवा तीन फीट ऊंची नवीन प्रतिमा व सुसज्जित ट्रैक्टरों में सजी अन्य देव प्रतिमाएं पूरी शोभायात्रा में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। शोभायात्रा के बाद दोपहर में मंदिर परिसर में हवन यज्ञ का कार्यक्रम शुरू हुआ। आचार्य रामलाल जोजर व सह-आचार्य गायत्री परिवार के संत नानूराम शक्करगढ़ के सानिध्य में विभिन्न मंत्रोचार के साथ 25 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें 130 यजमान जोड़ों ने सामूहिक रूप से यज्ञ में आहुतियां देकर धर्म लाभ कमाया।

केकड़ी: हवन यज्ञ में आहूतियां देते श्रद्धालु।

रात्रि में होगा सत्संग समारोह, जुटेंगे संत व अतिथि: महोत्सव के तहत 24 मई को दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जबकि रात्रि में विशाल भजन सत्संग समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कई सामाजिक व राजनीतिक पदाधिकारियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। सत्संग समारोह में विभिन्न स्थानों से पधार रहे संत-महात्मा शिरकत करेंगे, वहीं बड़ी संख्या में रेगर समाज सहित अन्य समाज के श्रद्धालु भी भाग लेंगे।

RELATED ARTICLES