Homeशिक्षासमर कैंप सनशाइन हब: योग व खेल-खेल में बच्चों ने सीखीं जीवनोपयोगी...

समर कैंप सनशाइन हब: योग व खेल-खेल में बच्चों ने सीखीं जीवनोपयोगी रणनीतियां, कल्पना शक्ति से वेस्ट मटेरियल को बदला आकर्षक कलाकृतियों में

केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्री लाल दुबे मेमोरियल संस्थान द्वारा संचालित एम.एल.डी. इंटरनेशनल अकादमी पटेल मैदान में चल रहे समर कैंप सनशाइन हब 2026 के आठवें दिन बच्चों में जबरदस्त उत्साह व ऊर्जा देखने को मिली। कैंप की शुरुआत मंत्रोच्चार व सूर्य नमस्कार के अभ्यास से हुई, जहां प्रशिक्षकों ने बच्चों को प्रणामासन, हस्त उत्तानासन व भुजंगासन सहित इसकी 12 स्थितियों की बारीकियां सिखाईं। इसके साथ ही बच्चों ने क्रिकेट व बैडमिंटन खेलकर टीमवर्क का परिचय दिया। कैंप के विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों ने मानसिक दक्षता बढ़ाने वाले खेलों व विधाओं में भाग लिया।

केकड़ी: समर कैंप में भाग लेते बच्चे।

शतरंज में निखारा मानसिक कौशल: शतरंज प्रशिक्षक लोकेश पारीक ने बच्चों को प्यादे की चालें व प्रोटेक्शन‘ (मोहरों की सुरक्षा) का सिद्धांत सरल गतिविधियों से सिखाया। इसी प्रकार अबेकस विद्यार्थियों को मानसिक गणना क्षमता मजबूत करने के लिए स्पीड बिल्डिंग व मिक्स्ड सम्स का अभ्यास कराया गया। रवीना जांगिड़ ने नंबर स्मार्ट्स के माध्यम से बिना कॉपी-पेन के तेजी से गणितीय सवाल हल करने की तकनीकें सिखाई गईं, जिससे बच्चों में गणित का भय कम हो सके। कैंप में आयोजित विशेष कला गतिविधि में बच्चों ने तृप्ति नामा के निर्देशन में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

वेस्ट मटेरियल से बनाए सुंदर हिरण: विद्यार्थियों ने अखरोट व क्ले जैसी अनुपयोगी (वेस्ट) सामग्री की सहायता से सुंदर हिरण का आकर्षक शोपीस तैयार किया व उसमें मनमोहक रंग भरे। वहीं भाषा ज्ञान सत्र के तहत शिक्षिका द्वारा बच्चों को हिंदी वर्णमाला में स्वर, व्यंजन व मात्राओं के सही उच्चारण एवं लेखन का रोचक अभ्यास कराया गया। सांस्कृतिक सत्र के दौरान बच्चों ने “रंग दे रंग” व “सोनी दे नखरे सोने लगदे” जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य सीखा। विद्यालय प्रशासन ने बच्चों के इस बहुमुखी प्रदर्शन की सराहना करते हुए समर कैंप को एक बेहद उपयोगी व प्रेरणादायक पहल बताया।

RELATED ARTICLES