केकड़ी, 24 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा व संगठन की मजबूती को लेकर गौरव सेनानी प्रकोष्ठ की बैठक संरक्षक कर्नल दुर्गा लाल के कॉम्प्लेक्स पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता गौरव सेनानी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सिपाही कालूराम माली ने की। बैठक में सर्वसम्मति से संगठन हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए व रिक्त पदों पर नए पदाधिकारी नियुक्त किए गए। जिसमें भंवरलाल चौधरी को उपाध्यक्ष, गोपाल सिंह कच्छावा को सचिव, शराफत अली को संगठन मंत्री व हरलाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया। बैठक के दौरान क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिकों को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने व उन्हें सक्रिय करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अधिक से अधिक नए सदस्य बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया, ताकि पूर्व सैनिकों की आवाज को मजबूती मिल सके।

योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी: बैठक में पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के हितार्थ सीएसडी कैंटीन की सुविधाओं व उससे जुड़ी समस्याओं को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने पूर्व सैनिकों की सामाजिक व कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर सूबेदार चैनसिंह राठौड़, हवलदार गोपाल सिंह कच्छावा, नायक महावीर माली, हवलदार भंवर लाल चौधरी, हवलदार रामगोपाल शर्मा, हवलदार हरलाल, हवलदार कमल किशोर माली, हवलदार शराफत अली व सिपाही रामस्वरूप जांगिड़ सहित कई पूर्व सैनिक व सैनिक परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे। संचालन संरक्षक कर्नल दुर्गा लाल ने किया।


