केकड़ी, 24 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर मवेशी चोरी के मामले का पर्दाफाश कर चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 3 भैंस, 5 पाडी व 1 गाय तथा वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेवदा खुर्द निवासी रामराज पुत्र सुखदेव जाट ने 22 मई को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह अपने मवेशियों (तीन भैंस, पांच पाड़ी व एक गाय) को जंगल में चराने के लिए लेकर गया था। कुछ देर बाद जब उसने संभाला, तो उसके मवेशी वहां से गायब मिले। काफी तलाश करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिवादी ने किसी अज्ञात गैंग द्वारा पिकअप गाड़ी में मवेशी चुरा ले जाने का अंदेशा जताया। पुलिस ने रिपोर्ट पर त्वरित एक्शन लेते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

पुलिस टीम ने जोड़ी कड़ियों से कड़ियां: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन एवं थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आस-पास के तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम ने संदिग्धों को चिन्हित किया व सांपला गांव के रहने वाले समीर मोहम्मद (26) पुत्र मोईनुद्दीन, श्रवण नाथ (20) पुत्र भैरू नाथ, लाला (18 वर्ष 4 माह) पुत्र भैरू नाथ एवं शंकर कालबेलिया (22) पुत्र भैरू कालबेलिया को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपियों से बरामदगी: कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने मवेशी चोरी की इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 3 भैंस, 5 पाडी व व 1 गाय सकुशल बरामद कर ली। इसके अलावा पशु क्रूरता व चोरी में प्रयुक्त की गई पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया गया है। इस त्वरित व सफल कार्यवाही में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी, एएसआई रमेश, कांस्टेबल हितेश (विशेष योगदान), जीतराम (विशेष योगदान), रामजीलाल, गणेश, रामकिशन व रिजर्व कांस्टेबल महेश की अहम भूमिका रही।

