केकड़ी, 25 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना क्षेत्र के बड़गांव में मनरेगा में काम करने की बात कहकर घर से निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव ब्यावर-केकड़ी रोड के पास बीड़ के रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल सहित बरामद हुआ है। मृतक के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले है। परिजनों ने भिनाय थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर गांव के ही तीन लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़गांव सूरखण्ड निवासी प्रभू गुर्जर ने भिनाय थाने में रिपोर्ट दी कि उसका भाई देवकरण गुर्जर (35) पुत्र मेवाराम रविवार सुबह करीब 8:00 बजे घर से मनरेगा में काम पर जाने का कहकर निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बीड़ के रास्ते में मिला शव: सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे जब मृतक के चचेरे भाई भोमाराम गुर्जर व श्रवण बैरवा ने देवकरण की तलाश शुरू की, तो उसका शव ब्यावर से केकड़ी रोड के अंदर बीड़ के रास्ते पर पड़ा मिला। शव के पास ही देवकरण की लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मौजूद थी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि मृतक देवकरण के गले पर फांसी का फंदा कसने का निशान था, दोनों हाथ-पैर से खून बह रहा था व सिर पर गहरी चोट के निशान थे।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी: सूचना पर भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा भी भिनाय पहुंचे और जांच पड़ताल की। मृतक के शव को भिनाय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रार्थी प्रभू गुर्जर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उनके भाई के हाथ-पैर बांधकर सफेद साफी से गला घोंटा गया है। उन्होंने बड़गांव के ही तीन युवकों रामसिंह, धनराज व गजराज पर हत्या करने का पूरा अंदेशा जताया है।


