केकड़ी, 28 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भीषण गर्मी के बीच पिछले कई महीनों से जारी पेयजल संकट से परेशान पुरानी केकड़ी क्षेत्र की रामद्वारा गली के लोगों का सब्र गुरुवार शाम को जवाब दे गया। नियमित जलापूर्ति न होने व बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान न मिलने से नाराज महिलाओं, बुजुर्गों व युवाओं ने अजमेर-कोटा राजमार्ग के भैरू गेट चौराहे पर जाम लगा दिया। सड़क पर बैठकर किए गए इस प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जलदाय विभाग व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पानी का संकट गहराया हुआ है। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। भीषण गर्मी में लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित: प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि घरों में पानी नहीं आने से रोजमर्रा के काम पूरी तरह ठप हो गए हैं। छोटे बच्चों व बुजुर्गों को इस स्थिति में सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। अचानक लगाए गए इस जाम के कारण अजमेर-कोटा राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्री बसें व राहगीर भीषण गर्मी के बीच रास्ते में ही फंस गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

समझाइश के बाद खुला जाम: जाम की सूचना मिलते ही शहर थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे व समझाइश शुरू की। इस दौरान भाजपा के कई स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचे व लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। करीब पौन घंटे तक चली कश्मकश व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जल्द ही जलापूर्ति सुचारु करने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।


