केकड़ी, 28 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट व अपहरण के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 25 मई को थाने पर दर्ज हुए मामले के बाद से ही आरोपी राकेश बैरवा (23) पुत्र गोपी निवासी सांगानेर थाना भिनाय फरार चल रहा था। वह पुलिस से बचने के लिए अपने रिश्तेदारों, दोस्तों के घर व हाईवे पर स्थित ढाबों पर छिपकर फरारी काट रहा था। वह मौका पाकर क्षेत्र से बाहर भागने की फिराक में था।

तकनीकी संसाधनों से मिली सफलता: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में गठित टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले से जुड़े संदिग्धों पर नजर रखी व आसूचना संकलित की। तकनीकी संसाधनों के उपयोग व मुखबिर खास से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी राकेश बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस, जेजे एक्ट व पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपी को दबोचने में भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, एएसआई शिवराज चौधरी, कांस्टेबल ओमसिंह व महावीर मीणा ने अहम भूमिका निभाई है।


