केकड़ी, 30 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान सरकार के जन अभियोग निराकरण विभाग ने एक आदेश जारी कर अजमेर जिला जन अभियोग व सतर्कता समिति में नए सदस्यों का मनोनयन किया है। प्रशासनिक सुधार विभाग के निर्देशों के तहत जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित इस समिति में सावर की पूर्व प्रधान आशा बागड़ी को महिला वर्ग से सदस्य नियुक्त किया गया है। संयुक्त शासन सचिव हर्ष सावनसुखा द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह मनोनयन सक्षम स्तर से प्राप्त अनुमोदन के बाद किया गया है। समिति का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं व शिकायतों का त्वरित निवारण करना तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व सतर्कता सुनिश्चित करना है।


