केकड़ी, 30 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना क्षेत्र के नागोला के समीपवर्ती ग्राम कनेई खुर्द में शुक्रवार रात्रि को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां 11 हजार केवी की विद्युत लाइन अचानक टूटकर घरेलू लाइन पर गिर गई, जिससे करीब 25 से 30 घरों में हाई वोल्टेज करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए केकड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को ब्यावर-केकड़ी मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जाम के चलते केकड़ी ब्यावर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

क्या है मामला: ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार रात को घरों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी की लाइन अचानक टूटकर घरेलू विद्युत लाइन पर आ गिरी। इससे घरों में एकाएक वोल्टेज बढ़ गया व करंट दौड़ गया। कई घरों में धमाकों के साथ विद्युत उपकरण धूं-धूं कर जलने लगे व चारों तरफ धुआं फैल गया। हल्के-फुल्के झटके तो कई ग्रामीणों को लगे, लेकिन एक महिला करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गई। अचानक हुए इस हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते बिजली बंद होने से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

जाम में फंसा भिनाय थानाप्रभारी का वाहन: घटना के विरोध व विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने कनेई खुर्द चौराहे पर ब्यावर-केकड़ी मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान वहां से गुजर रहे भिनाय थानाप्रभारी ओमप्रकाश मीणा का वाहन भी जाम में फंस गया। थानाप्रभारी एक मुलजिम को पेशी के लिए केकड़ी कोर्ट ले जा रहे थे। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए एसएचओ के वाहन को भी आगे नहीं निकलने दिया, जिसके बाद पुलिस को दूसरे रास्ते से वाहन निकालना पड़ा। सूचना पर नागोला के नायब तहसीलदार संजय सारस्वत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया।


