केकड़ी, 30 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में करीब सवा साल से फरार चल रहे दो वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार जंगलों व अपने रिश्तेदारों के यहां फरारी काट रहे थे। पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 में भिनाय थाने के एएसआई अनिल जाखड़ ने एक रिपोर्ट पेश कर बताया कि सूपां थाना केकड़ी सदर निवासी वकील पुत्र मेम्बर बन्जारा व बबलू उर्फ बल्लू पुत्र मेम्बर बन्जारा बिना लाइसेंस व परमिट के अवैध रूप से गोवंश का परिवहन कर रहे है।

विशेष टीम ने दबोचा: पुलिस ने दोनों के खिलाफ राजस्थान गोवंश अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया, जिसके बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (केकड़ी) राजेश मील व वृताधिकारी (केकड़ी) हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में थानाप्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान गोवंश अधिनियम के तहत वांछित आरोपियों वकील व बबलू को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे: आरोपियों की धरपकड़ के लिए गठित विशेष टीम ने अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी जंगलों में छिपकर फरारी काट रहे हैं व मौका पाकर बाहर भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। फिलहाल मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, हैड कांस्टेबल बनवारी लाल, कांस्टेबल ओमसिंह, महेश कुमार व महावीर मीना ने अहम भूमिका निभाई है।

