Homeक्राइम न्यूजनक्शा बनाने व निर्माण की देखरेख के नाम पर ₹1.21 लाख की...

नक्शा बनाने व निर्माण की देखरेख के नाम पर ₹1.21 लाख की धोखाधड़ी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

केकड़ी, 01 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मकान का 3D नक्शा बनाने व निर्माण कार्य की देखरेख करने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.21 लाख रुपए हड़पने व धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर केकड़ी शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तसवारिया निवासी भागचन्द पुत्र सुखलाल जाट ने थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया कि मण्डा रोड स्थित सूरज कॉलोनी में उसके प्लॉट संख्या 9 व 10 है, जिस पर वह मकान बनाना चाहता था। इसके लिए उसने सिखवाल बिल्डिंग डिजाइन एंड कंस्ट्रक्शनके प्रोपराइटर रामावतार सिखवाल पुत्र सत्यनारायण शर्मा निवासी तेलियान मंदिर के पास केकड़ी से संपर्क किया।

क्या है मामला: आरोप है कि अप्रैल 2024 में आरोपी रामावतार ने प्रार्थी को वास्तु के अनुसार 3D नक्शा बनाने व निर्माण के दौरान पूरी देखरेख करने का झांसा दिया। प्रार्थी के अधिकांश समय बाहर रहने के कारण आरोपी ने इस पूरे काम के एवज में 1 लाख 21 हजार रुपए की मांग की, जिस पर प्रार्थी ने सहमति दे दी और एडवांस के रूप में 21 हजार रुपए नगद व फोन पे के जरिए भुगतान कर दिया। इसके बाद प्रार्थी ने भोलूराम ठेकेदार को मकान निर्माण का ठेका देकर नीवें खुदवाकर काम शुरू करवा दिया। जब प्रार्थी ने आरोपी से 3D नक्शे की मांग की, तो आरोपी ने एक लाख रुपए और जमा कराने को कहा। इस पर प्रार्थी ने अपने भाई व ठेकेदार के सामने मौके पर ही आरोपी रामावतार को 1 लाख रुपए नगद दे दिए। रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने 7 दिन में नक्शा देने का वादा किया।

शहर थाना पुलिस, केकड़ी (फाइल फोटो)

बंद किया फोन उठाना: नियत समय बीत जाने के बाद जब प्रार्थी व उसके भाई ने नक्शे के लिए संपर्क किया, तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। कुछ समय बाद आरोपी ने प्रार्थी का फोन उठाना भी बंद कर दिया। प्रार्थी के भाई द्वारा फोन पर काम व रुपयों के बारे में बात करने पर आरोपी ने फोन काट दिया और मौके पर आने से साफ मना कर दिया। इस प्रकार आरोपी ने छल-कपट व धोखाधड़ी करते हुए प्रार्थी की रकम हड़प ली और काम भी नहीं किया। पुलिस ने भागचन्द की रिपोर्ट पर आरोपी रामावतार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318 (4) के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जांच एएसआई सम्पतराज मीणा के जिम्मे की गई है।

RELATED ARTICLES