केकड़ी, 05 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्री लाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए महाविद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम व वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कॉलेज निदेशक डॉ. अविनाश दुबे, प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा व स्टाफ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। निदेशक डॉ. अविनाश दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति व मानव का अटूट संबंध है। आज के समय में पर्यावरण को हरा-भरा रखना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारे व आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व के लिए नितांत आवश्यक है।

विशेषज्ञों ने दिए जागरूक रहने के संदेश: कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को प्रकृति को बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण उपाय बताते हुए दैनिक जीवन में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आह्वान किया गया। इसी के साथ पानी की हर बूंद को सहेजने व वंदे गंगा अभियान के महत्व के बारे में समझाया तथा जैविक कचरे का सही तरीके से निस्तारण व प्रबंधन करने के तरीके सिखाए गए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा उपस्थित सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों को पर्यावरण की सुरक्षा करने व अधिक से अधिक पेड़ लगाने की शपथ दिलाई गई। आयोजन को सफल बनाने में भागचंद विजय, जीवराज खारोल, कमलेश शर्मा व मनोज कुमार वर्मा ने सराहनीय सहयोग किया।

