Homeक्राइम न्यूज6 साल से फरार नशे का सौदागर गिरफ्तार: थाने के टॉप-10 अपराधियों...

6 साल से फरार नशे का सौदागर गिरफ्तार: थाने के टॉप-10 अपराधियों में था शुमार, घोषित था 15 हजार का इनाम

केकड़ी, 09 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी (NDPS एक्ट) के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी व थाने के टॉप-10 वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी पिछले करीब 6 साल से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर फरारी काट रहा था। पुलिस के अनुसार यह मामला 5 जनवरी 2020 को दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में पूर्व में चार आरोपियों भवानी सिंह, रणवीर सिंह, सावर लाल व कालू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि मुख्य आरोपी मुकेश बिन्दल (45) पुत्र आनन्दी लाल अग्रवाल निवासी नीमच (मध्य प्रदेश) के खिलाफ साक्ष्य प्रमाणित होने के बाद भी वह फरार चल रहा था। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था व उसे थाने के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।

तकनीकी संसाधनों व मुखबिर की मदद से दबोचा: आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए, तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर व मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई की। आरोपी अपनी गिरफ्तारी के डर से रिश्तेदारों व दोस्तों के पास छिपकर रह रहा था और मौका पाकर कहीं और भागने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे नीमच (मध्य प्रदेश) से धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, हेड कांस्टेबल सुभाष मुण्डेल, हेड कांस्टेबल भागचन्द व कांस्टेबल महेश कुमार ने अहम भूमिका निभाई है।

RELATED ARTICLES