केकड़ी, 10 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुर्जर समाज समाज सुधार कमेटी आम चौखला देवमंड की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील को एक ज्ञापन सौंपकर समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की पुरजोर मांग की गई है। ज्ञापन में बाल विवाह, मृत्यु भोज में फिजूलखर्ची, अफीम सेवन, बेटियों के सौदे तथा गैंग बनाकर की जा रही अवैध वसूली जैसी गंभीर समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई है। जिलाध्यक्ष शिवराज गुर्जर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कानूनन प्रतिबंधित होने के बावजूद समाज में नाबालिग बच्चों के विवाह कराए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मृत्यु भोज के नाम पर अत्यधिक खर्च करवाकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ डाला जा रहा है। इसके अलावा मृत्यु भोज एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में अफीम खिलाने-पिलाने की अवैध व घातक प्रथा भी धड़ल्ले से प्रचलित है।

असामाजिक तत्वों की अवैध वसूली व धमकियों से दहशत: ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि कुछ स्वयंभू दलाल व पंच, माता-पिता पर अनुचित दबाव बनाकर बेटियों के रिश्ते लाखों रुपए में तय करवाते हैं। समाज द्वारा सर्वसम्मति से निर्धारित 3.50 लाख रुपए की सामाजिक सीमा के बावजूद इन दलालों द्वारा 6 से 9 लाख रुपए तक की मोटी रकम की मांग की जा रही है। कमेटी ने प्रशासन को अवगत कराया कि क्षेत्र में 10 से 15 असामाजिक तत्वों के समूह सक्रिय हैं, जो लोगों के घरों पर जाकर तय सीमा से अधिक राशि की मांग करते हैं। सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर विरोध करने वाले परिवारों को सरेआम धमकियां दी जाती हैं। ऐसे मामलों के कारण समाज के साधारण लोग लगातार भय व आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे हैं।

त्वरित एफआईआर व विशेष निगरानी टीम की मांग: ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि बाल विवाह, दहेज उत्पीड़न, एनडीपीएस एक्ट के उल्लंघन व जबरन अवैध वसूली के मामलों में पुलिस प्रशासन तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करे। इसके साथ ही थाना स्तर पर विशेष निगरानी टीम गठित कर अपराधियों में कानून का भय स्थापित किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। इस दौरान कमेटी पदाधिकारियों भीमराज गुर्जर, मदन गुर्जर, कन्हैयालाल गुर्जर, महावीर गुर्जर व शिवराज गुर्जर सहित समाज के अन्य गणमान्य लोगों ने प्रशासन से इन गंभीर मामलों में त्वरित संज्ञान लेकर दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

