केकड़ी, 14 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुर्जर कर्मचारी अधिकारी परिषद के तत्वावधान में सम्मेलन आयोजित कर सामाजिक नवजागरण, शैक्षिक उन्नयन, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन व समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाने जैसे विषयों पर विचार व मंथन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह तंवर (संयुक्त सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय) रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि रामकिशन गुर्जर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर, प्रदेश महासचिव हंसराज गुर्जर, मीडिया प्रभारी रामेश्वर गुर्जर व जिला अध्यक्ष डॉ. गिरिराज गुर्जर उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह तंवर ने अपने उद्बोधन में संगठनात्मक एकजुटता व सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्मचारी वर्ग को प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों व जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

चारों ब्लॉकों के अध्यक्षों का हुआ मनोनयन: परिषद के पदाधिकारी भोमाराम गुर्जर ने बताया कि सर्वसम्मति व लोकतांत्रिक परामर्श प्रक्रिया के माध्यम से टोडारायसिंह ब्लॉक में सचिन मोटसर (रामपुरा), केकड़ी ब्लॉक में रमेश गुर्जर (सापंदा), सरवाड़ ब्लॉक में किशनलाल गुर्जर (बिलिया) एवं सावर ब्लॉक में शिवजीराम गुर्जर (भाण्डावास) को ब्लॉक अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। पदाधिकारी देशराज गुर्जर ने बताया कि नव-मनोनीत ब्लॉक अध्यक्ष शीघ्र ही अपनी कार्यकारिणियों की घोषणा कर संगठन विस्तार की दिशा में कार्य करेंगे।

नवनियुक्त कार्मिकों व भामाशाहों का सम्मान: सम्मेलन में नवनियुक्त कार्मिकों का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही छात्रावास निर्माण व शैक्षिक अधोसंरचना के विकास हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों का भी सार्वजनिक अभिनंदन कर उनके योगदान को सराहा गया। इस अवसर पर कादेड़ा सरपंच रामस्वरूप गुर्जर, वरिष्ठ अधिवक्ता चेतन धाबाई, रामगोपाल गुर्जर व तेजपाल गुर्जर सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामस्वरूप गुर्जर ने किया तथा प्रभारी सांवरलाल गुर्जर ने सभी अतिथियों व सहभागियों के प्रति आभार ज्ञापित किया।

