केकड़ी, 20 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राव अमर सिंह सेकेंडरी विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने 34 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को विद्यालय का स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय की महत्वाकांक्षी पहल “UDAAN – Phase II” का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक राव आनंद सिंह जूनिया व निदेशक रघुराज सिंह जूनिया द्वारा मातेश्वरी के सम्मुख दीप प्रज्वलन, तिलक व माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह की विधिवत शुरुआत हुई। स्थापना दिवस के इस भव्य समारोह में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों का मन मोह लिया। नृत्य व प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की उपलब्धियों, जीवन मूल्यों व शिक्षा के महत्व को जीवंत किया।

‘UDAAN – Phase II’ का हुआ उद्घाटन: समारोह के दौरान विद्यालय के निदेशक रघुराज सिंह जूनिया ने विद्यालय की नई पहल “UDAAN – Phase II” का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि UDAAN केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक सोच, एक विश्वास व प्रत्येक विद्यार्थी के सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने व निरंतर प्रयास करते हुए सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना है। ‘Dream Big, Aim High, Never Stop’ ही UDAAN का मूल मंत्र है।” उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि आज ‘उड़ान‘ केवल एक लोगो नहीं, बल्कि संस्था के प्रत्येक विद्यार्थी के आत्मविश्वास, विशिष्ट पहचान व उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक बन चुका है।

नए कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प: विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुराधा माहेश्वरी ने अपने संबोधन में संस्था की यात्रा का ब्योरा दिया। उन्होंने विद्यालय की दीर्घकालिक उपलब्धियों, कड़े अनुशासन, समर्पित शिक्षण व्यवस्था व हर वर्ष रहने वाले उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय परिवार भविष्य में भी इसी समर्पण व कड़ी मेहनत के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा। इस दौरान संपूर्ण विद्यालय परिवार ने मिलकर केक काटा व स्थापना दिवस की खुशियां साझा की। सभी शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने हर्षोल्लास के साथ इस विशेष दिन को हमेशा के लिए यादगार बना दिया। समारोह का समापन विद्यालय के ‘स्कूल एंथम‘ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।


