केकड़ी, 16 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कल्याणकारी जीवन शक्ति फाउंडेशन एवं नवजीवन नशा मुक्ति व पुनर्वास केंद्र के तत्वावधान में रामदेव बाबा मंदिर परिसर भिनाय में एकदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य चिकित्सक आयुर्वेदाचार्य डॉ. त्रिलोक चंद जांगिड़ ने 105 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें उचित परामर्श एवं औषधीय सलाह दी। शिविर के दौरान डॉ. जांगिड़ ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग और प्राकृतिक चिकित्सा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है।

नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित: इस दौरान जांगिड़ ने युवाओं व आमजन को नशे जैसी घातक आदतों से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की प्रेरणा दी। आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिकों सोहन लाल जांगिड़, तुलसी राम खींची, भोलू राम मेघवंशी, नेमीचंद प्रजापत, ओमप्रकाश जांगिड़ सहित कई गणमान्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा। शिविर के अंत में आयोजकों द्वारा सभी सहयोगियों व चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया गया।

