Homeचिकित्साटीबी मुक्त भारत अभियान: यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी ने चलाया टीबी जागरूकता...

टीबी मुक्त भारत अभियान: यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी ने चलाया टीबी जागरूकता कार्यक्रम, आमजन को दिलाई शपथ

केकड़ी, 23 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के तत्वावधान में मंगलवार को टीबी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार व राजस्थान सरकार द्वारा संचालित “टीबी मुक्त भारत अभियान 100 डेज कैंपेन” के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षय रोग (टीबी) के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना व टीबी उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय के चिकित्साधिकारियों, शिक्षकगणों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों व बीएचएमएस के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को टीबी के प्रमुख लक्षणों, इसके बचाव के तरीकों, समय पर जांच करवाने व पूर्ण उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

लक्षण दिखने पर तुरंत करवाएं जांच: जागरूकता संदेशों के माध्यम से आमजन को प्रेरित किया गया कि वे टीबी के प्रति सजग रहें व शरीर में कोई भी संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। टीबी जागरूकता कार्यक्रम का संचालन व समन्वयन महाविद्यालय के वरिष्ठ फैकल्टी मेंबर डॉ. अंशुल चाहर, डॉ. अनुश्री नागर, डॉ. साक्षी शर्मा व डॉ. लक्की चौहान ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों व आमजन को टीबी मुक्त भारत अभियान के समर्थन में राष्ट्रहित में एक विशेष शपथ दिलाई गई। सभी से आह्वान किया गया कि वे अपने आसपास के समाज में जागरूकता फैलाकर देश को टीबी मुक्त बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।

RELATED ARTICLES