केकड़ी, 25 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय किसान संघ जिला कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को जिला अध्यक्ष सत्यनारायण प्रजापति की अध्यक्षता में कृषि उपज मंडी के हॉल में आयोजित की गई। बैठक में संभाग अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद शर्मा ‘मिश्र व प्रांत युवा प्रमुख कालूराम कुमावत ने भाग लिया। बैठक में क्षेत्र के किसानों की समस्याओं पर विचार-विमर्श कर अतिरिक्त जिला कलेक्टर चन्द्रशेखर भंडारी, उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई व विधायक शत्रुघ्न गौतम को ज्ञापन सौंपे गए। साथ ही प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री, रेल मंत्री, कृषि कल्याण राज्य मंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, सिंचाई मंत्री व पशुपालन एवं डेयरी मंत्री के नाम भी विभिन्न मांगों के समाधान के लिए ज्ञापन भिजवाए गए।

ये है प्रमुख मांगें: ज्ञापन में फसल बीमा योजना के अनुबंध में आवश्यक बदलाव करने, वर्ष 2023, 2024 व 2025 का शेष फसल बीमा क्लेम दिलाने तथा वर्ष 2022 से 2025 तक के बकाया आदान अनुदान का भुगतान करने की मांग की गई। खरीफ फसलों की बुवाई के लिए बिना ट्रैकिंग पर्याप्त खाद व बिना मात्रात्मक प्रतिबंध के डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। नसीराबाद से बूंदी रेल लाइन को जोड़ने व बीसलपुर बांध से सभी गांवों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने का निवेदन किया गया। इसके अलावा पशुपालकों की समस्याओं के समाधान के लिए डेयरी मंत्री को भी अवगत कराया गया। बैठक का संचालन जिला मंत्री राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने किया।

जैविक खेती व संगठन विस्तार पर जोर: बैठक में संभाग अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद शर्मा ‘मिश्र‘ ने डीएपी व यूरिया का उपयोग कम कर जैविक कृषि अपनाने पर जोर दिया, ताकि भूमि को जहरीला होने व मानव शरीर को बीमारियों से बचाया जा सके। प्रांत युवा प्रमुख कालूराम कुमावत ने प्रत्येक गांव में 11 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए, जिसमें युवा, महिला, जैविक, नशा मुक्ति व बीज प्रमुख तय किए जाएंगे। उन्होंने नैनो डीएपी से बीज उपचार करने की बात कही। इस मौके पर संभाग सहमंत्री सत्यनारायण चौधरी, जिला सहमंत्री नाथूलाल शर्मा, जिला बीज प्रमुख शिवजी राम धाकड़, प्रचार प्रमुख धनराज सिंह राठौड़ व जिला कार्यकारिणी सदस्य घनश्याम सिंह बड़वा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


