केकड़ी, 27 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सर्किल क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई हाईवे (NH–48) पर शुक्रवार की आधी रात टोल प्लाजा में जमकर तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने एक स्थानीय ट्रक ड्राइवर की पिटाई कर दी। इससे नाराज अन्य ट्रक ड्राइवरों ने लाठी-डंडों व पत्थरों से टोल केबिनों, कंप्यूटरों व कैमरों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। इस हंगामे के दौरान हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मामले की शुरुआत करने वाले आरोपी ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। यह पूरी घटना भिनाय थाना क्षेत्र के खेड़ी बांदनवाड़ा टोल प्लाजा पर हुई।

फास्टैग बैलेंस को लेकर हुआ विवाद: टोल के सुपरवाइजर रामराज जाट के अनुसार एक ट्रक ड्राइवर के फास्टैग में बैलेंस नहीं होने पर उसे गाड़ी पीछे लेने के लिए कहा गया था। आरोप है कि उसने ट्रक पीछे नहीं लिया व टोलकर्मी से गाली-गलौज व मारपीट करने लगा। इसके बाद ड्राइवर ने अपनी गाड़ी से जाम लगा दिया, जिसके कुछ ही देर बाद कई अन्य ट्रक ड्राइवर वहां पहुंचे व तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस संबंध में केकड़ी सीओ हर्षित शर्मा ने बताया कि रात करीब 12 बजे टोल शुल्क की राशि को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ा टोलकर्मियों ने ड्राइवर के साथ मारपीट कर दी। इसकी भनक लगते ही हाईवे व आसपास मौजूद अन्य ड्राइवर बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए व विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ओवरब्रिज पर ट्रक आड़े-तिरछे किए: गुस्साए ड्राइवरों ने टोल प्लाजा से कुछ आगे रेलवे ओवरब्रिज पर अपने ट्रकों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक नेशनल हाईवे पूरी तरह जाम रहा, जिससे दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। रात के समय सफर कर रहे आम राहगीरों को इस 20 किलोमीटर लंबे जाम के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। टोल मैनेजर दीपक कदाम ने बताया कि इस उपद्रव के कारण कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने भिनाय थाने में उपद्रवियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।

वीडियो बनाते रहे वहां मौजूद लोग: हंगामे के दौरान वहां मौजूद लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, जिसमें युवक बैरियर उखाड़कर केबिनों पर हमला करते व चिल्लाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने रात को ही ट्रक ड्राइवरों को समझाकर शांत कराया व जाम खुलवाकर यातायात सुचारू किया। पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है व पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज व वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है।


