केकड़ी, 29 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जीनगर समाज संस्थान की ओर से अमर शहीद बीरबल सिंह ढालिया का 80वां शहादत दिवस मंगलवार 30 जून को श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वाहन रैली, श्रद्धांजलि सभा व प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान समारोह सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्था के महामंत्री सुरेश चौहान ने बताया कि सुबह 11:00 बजे सदर बाजार स्थित जीनगर धर्मशाला में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में अमर शहीद बीरबल सिंह ढालिया के प्रेरक जीवन, उनके अद्वितीय बलिदान व राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात समाज के गौरव व प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त शिक्षाविद् भंवरलाल चौहान व प्रधानचार्य गिरीश कुमार चंदेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता जीनगर समाज संस्थान के अध्यक्ष रतन पंवार करेंगे।

सुबह 9 बजे निकलेगी वाहन रैली: संस्था के उपाध्यक्ष प्रेमचंद जीनगर ने बताया कि मुख्य समारोह से पहले सुबह 9:00 बजे जीनगर धर्मशाला से एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली देशभक्ति के नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। जो जीनगर धर्मशाला से रवाना होकर गणेश प्याऊ, सदर बाजार, घंटाघर, अजमेरी गेट, तीन बत्ती चौराहा, कचहरी रोड, पेट्रोल पंप, शनिदेव मंदिर, सरसड़ी गेट, खिड़की गेट पटवार भवन होते हुए पुनः जीनगर धर्मशाला पहुंचकर सम्पन्न होगी। संस्थान ने समाज के सभी युवाओं व समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में अपने दोपहिया वाहनों के साथ इस रैली में शामिल होने तथा मुख्य समारोह में सहभागिता निभाकर अमर शहीद को अपनी सच्ची अंजलि अर्पित करने का आह्वान किया है।


