Homeक्राइम न्यूजनाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने व बंधक बनाकर रखने का आरोप, परिजनों...

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने व बंधक बनाकर रखने का आरोप, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका, पुलिस ने शुरू की तलाश

केकड़ी, 29 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सिटी थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसे अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के भाई ने रिपोर्ट में बताया कि बीते रविवार (28 जून) दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच माताजी का थांवला निवासी युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उनके घर आया। आरोप है कि ये चारों व्यक्ति घर में मौजूद 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर जबरन अपने साथ उठाकर ले गए।

लड़की वापस सौंपने से किया इनकार: घटना की भनक लगते ही परिजनों ने तत्काल डायल-100पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायत के अनुसार रविवार शाम को पीड़ित परिवार के पास एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद का नाम गणेश (निवासी माताजी का थांवला) बताया और कहा कि लड़की उनके पास है, तुम यहां आ जाओ। सूचना के आधार पर जब नाबालिग के पिता बताए पते पर पहुंचे, तो वहां मौजूद आरोपियों ने दोटूक लहजे में कहा कि लड़की उनके कब्जे में ही है और वे उसे किसी भी कीमत पर वापस नहीं सौंपेंगे।

सकुशल बरामद करने की मांग: पीड़ित परिवार ने अंदेशा जताया है कि आरोपियों ने नाबालिग को बंधक बनाकर रखा हुआ है और उसके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना कारित की जा सकती है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और नाबालिग की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

RELATED ARTICLES