केकड़ी, 30 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जीनगर समाज संस्थान की ओर से मंगलवार को अमर शहीद बीरबल सिंह ढालिया का 80वां शहादत दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहन रैली, श्रद्धांजलि सभा व प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्था के महामंत्री सुरेश चौहान ने बताया कि सदर बाजार स्थित जीनगर धर्मशाला में श्रद्धांजलि समारोह व प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अमर शहीद बीरबल सिंह ढालिया के जीवन, उनके अद्वितीय बलिदान व राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके पश्चात समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।

ये रहे मंचासीन: समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षाविद् भंवरलाल चौहान व भामाशाह प्रधानाचार्य गिरीश कुमार चंदेल उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीनगर समाज संस्थान के अध्यक्ष रतन पंवार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेमचंद चंदेल, बालू राम सिसोदिया व जगदीश चंदेल भी मंचासीन रहे। समारोह के दौरान समाज की 29 प्रतिभाओं को माला, दुपट्टा, स्मृति चिन्ह व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में गोविंद चौहान, गिरधर गोपाल पंवार, जानकी लाल, तेजमल पंवार, महावीर कच्छावा, रमेश डाबी, नेमीचंद डाबी, गोविंद खाटवा, सुरेंद्र चौहान, अमरदीप चौहान, विष्णु डाबी, रतन लाल बोराणा, महावीर चितारा, राकेश डाबी, कमल सांखला, गौतम चौहान, कैलाश टांडेल, दिनेश सांखला सहित जीनगर समाज के पुरुष, महिलाएं व बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

वाहन रैली में गूंजे राष्ट्रसेवा के नारे: इससे पूर्व सुबह जीनगर धर्मशाला से विशाल वाहन रैली निकाली गई। यह रैली गणेश प्याऊ, सदर बाजार, घंटाघर, अजमेरी गेट, तीन बत्ती चौराहा, कचहरी रोड, पेट्रोल पंप, शनिदेव मंदिर, सरसड़ी गेट, खिड़की गेट व पटवार भवन होते हुए पुनः जीनगर धर्मशाला पहुंची। रैली में शामिल वाहन चालक अमर शहीद बीरबल सिंह ढालिया द्वारा की गई राष्ट्रसेवा से संबंधित नारे लगाते हुए चल रहे थे। रैली का कई स्थानों पर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया।


